ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान युवक ने सल्फास खाकर दी जान

-मौत से पहले बनाया वीडियो

अनोखा तीर, हरदा। जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी खिरकिया में पदस्थ एक भृत्य ने कथित रूप से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, कृषि उपज मंडी खिरकिया में अनुकंपा नियुक्ति पर भृत्य के पद पर कार्यरत अंकित (21) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हरदा रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मौत से पहले बनाए गए वीडियो में युवक ने अपनी पत्नी, मामी और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक का विवाह टिमरनी में हुआ था और वह पिछले चार वर्षों से कृषि उपज मंडी खिरकिया में पदस्थ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

0 Views

Leave a Reply