कोतवाली पुलिस ने 3 टन 300 किलो अवैध मछली जब्त की

अनोखा तीर, हरदा। मत्स्य महासंघ के वरिष्ठ क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक अजय श्रीवास्तव की शिकायत पर कोतवाली पुलिस हरदा ने कार्रवाई करते हुए लगभग 3 टन 300 किलो अवैध मछली जब्त की है। जानकारी के अनुसार आरोपी साकिब पिता सौकत रजा निवासी वार्ड क्रमांक 02, खेड़ीपुरा के विरुद्ध अवैध रूप से मछली चोरी एवं परिवहन करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली प्रभारी रोशनलाल भारती के निर्देशन में 4 जुलाई को आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) एवं 223 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने राठी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक मकान से लगभग 3 टन 300 किलो मछली जब्त की। जांच के दौरान मत्स्य निरीक्षक हरदा सरिता चौकीकर एवं सुशील गौर के हस्ताक्षरयुक्त नीलामी पत्रक प्राप्त हुए, जिनमें 800 किलो मछली जाहिद गौरी निवासी हरदा को 25 हजार रुपये में अंतरित किया जाना दर्ज था। जांच में पाया गया कि जब्त मछली प्रतिबंधित प्रजाति की है, जिसकी नीलामी ग्राम जोगा में होना दर्शाया गया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि मछलियों का आखेट इंदिरा सागर क्षेत्र से कर नीलामी में स्वीकृत मात्रा से अधिक मछली का अवैध परिवहन कर हरदा में संग्रह किया गया था, जो नियमों के विपरीत है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देश पर मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।

0 Views

Leave a Reply