अनोखा तीर, हरदा। तेज बारिश और आंधी के कारण प्रभावित हुए हरदा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। कंपनी के अनुसार 3 जुलाई की शाम हुई तेज बारिश और आंधी से खिरकिया-चरवा क्षेत्र तथा हंडिया उपकेंद्र अंतर्गत बिजली वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई थी। प्राकृतिक आपदा के कारण खिरकिया-चरवा क्षेत्र में 33 केवी लाइन के पांच तथा 11 केवी लाइन के 10 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर सुधार कार्य शुरू किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लगातार प्रयासों से क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी गई। इसी प्रकार हंडिया उपकेंद्र में अत्यधिक वर्षा के कारण जलभराव होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जलभराव समाप्त होने एवं आवश्यक सुरक्षा परीक्षण के बाद उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति पुन: सुचारु कर दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक एवं उपमहाप्रबंधक, हरदा उत्तर संभाग ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित एवं शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए तथा सुधार कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वर्षा एवं आंधी के दौरान यदि कहीं बिजली के तार टूटे हुए या नीचे गिरे हुए दिखाई दें तो उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा इसकी सूचना तत्काल निकटतम विद्युत कार्यालय अथवा कंपनी के कॉल सेंटर को दें। कंपनी का समस्त अमला उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यरत है।
तेज बारिश और आंधी से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल

0 Views


