अनोखा तीर, हरदा। समर्थन मूल्य पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ जिला हरदा के तत्वावधान में शनिवार से कृषि उपज मंडी हरदा में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। किसान संघ की मांग है कि शासन द्वारा निर्धारित खरीदी की मात्रा बढ़ाते हुए सभी किसानों की मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित की जाए। धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और समर्थन मूल्य पर सभी पात्र किसानों की उपज की खरीदी की जाए। भारतीय किसान संघ ने बताया कि अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन दिन-रात लगातार जारी रहेगा तथा भोजन की व्यवस्था भी धरना स्थल पर ही की जाएगी। जिले की छह तहसीलों के किसान क्रमवार धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे। रविवार सुबह 11 बजे से हरदा तहसील के किसान धरना देंगे। धरना-प्रदर्शन में प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, प्रांत मंत्री शैतान सिंह राजपूत, संभाग अध्यक्ष विनोद पाटिल, हरिशंकर सारण, आनंदराम किरार, रामकृष्ण मुकाती, विष्णु गौर, राजेंद्र बांके, दीपचंद नवाद, लोकेश गौर, हरिओम गौर सहित सभी तहसीलों के अध्यक्ष, मंत्री एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भाकिसं का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

0 Views


