पहली ही बारिश में ढही नाले की दीवार, 10.60 लाख के निर्माण पर उठे सवाल

-ग्रामीणों ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप, जांच की मांग

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम पंचायत द्वारा जनपद पंचायत निधि से लगभग 10 लाख 60 हजार रुपये की लागत से आठ माह पहले निर्मित नाले की दीवार पहली ही तेज बारिश में ढह गई। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्तियां जताई गई थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। जानकारी के अनुसार स्टेट हाईवे से लेकर होली चौक तक करीब 200 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया गया था। क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद नाले के एक हिस्से की दीवार भरभराकर गिर गई। इससे न केवल सरकारी राशि के उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि भविष्य में अन्य हिस्सों के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण रामदास पाटील का कहना है कि निर्माण के समय ही दीवारों में पर्याप्त मजबूती नहीं दिखाई दे रही थी। उनका आरोप है कि नाले के निर्माण में 10 एमएम सरिया का उपयोग किया गया, जबकि मजबूत निर्माण के लिए अधिक क्षमता वाले सरिए और बेहतर गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि पहली ही बारिश में दीवार का ढह जाना घटिया निर्माण का स्पष्ट प्रमाण है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए तो गुणवत्ता से जुड़ी कई खामियां सामने आ सकती हैं। लोगों ने दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाले का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। इस घटना के बाद पंचायत और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाता तो लाखों रुपये की लागत से बना यह निर्माण पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त नहीं होता।

0 Views

Leave a Reply