अनोखा तीर, सिराली। क्षेत्र में लगातार हो रही मुसलाधार बारिश के चलते ग्राम आमाखाल स्थित अटल सरोवर डेम पूरी क्षमता के साथ भर गया है। शुक्रवार को डेम का जलस्तर पूर्ण जलभराव स्तर (एफटीएल) 329.80 मीटर पर पहुंचते ही ओवरफ्लो शुरू हो गया। डेम के छलकने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है, क्योंकि अब रबी सीजन में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा। नहर संस्था अध्यक्ष लवकुश गौर ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 15.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल सरोवर डेम से आमाखाल, गोमगांव, महेंद्रगांव, रामपुरी और काशीपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों की करीब 830 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होती है। डेम के भर जाने से इस वर्ष किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। डेम के ओवरफ्लो होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे। पहाड़ियों और हरियाली के बीच छलकता अटल सरोवर डेम इन दिनों आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्राकृतिक सौंदर्य और मनोहारी दृश्य के कारण यह स्थान क्षेत्र के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है।
ओवरफ्लो के साथ सावधानी भी जरूरी
डेम के ओवरफ्लो होने के बाद यदि तेज बारिश जारी रहती है तो आमाखाल की पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता है। ऐसी स्थिति में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक आदिवासी गांवों का संपर्क सिराली तहसील मुख्यालय से अस्थायी रूप से कट जाता है। प्रशासन ने लोगों से पुलिया पर पानी होने की स्थिति में सावधानी बरतने तथा जोखिम उठाकर उसे पार नहीं करने की अपील की है। अटल सरोवर डेम का समय पर भरना क्षेत्र की कृषि, जल संरक्षण और भूजल स्तर के लिए भी शुभ संकेत माना जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि पर्याप्त जल उपलब्धता से इस बार रबी सीजन में बेहतर उत्पादन मिलेगा।
अटल सरोवर डेम लबालब, ओवरफ्लो शुरू, रबी सीजन की सिंचाई की चिंता खत्म

0 Views


