आम किसान यूनियन ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला

मूंग खरीदी, बीमा राशि और उर्वरक वितरण व्यवस्था को लेकर आक्रोश

अनोखा तीर, हरदा। ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी की मात्रा बढ़ाने, पिछले वर्ष की सोयाबीन बीमा राशि का भुगतान कराने तथा उर्वरक वितरण की वर्तमान व्यवस्था को बंद करने की मांग को लेकर शनिवार को आम किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जिले के कई गांवों में मध्य प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 2 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया था। ज्ञापन के माध्यम से मांगें पूरी नहीं होने पर गांव-गांव विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई थी। यूनियन ने कहा कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में जिले के प्रत्येक गांव में सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। शनिवार को ग्राम अबगांव खुर्द, आलनपुर, भुन्नास, आदमपुर सहित अन्य गांवों में मध्य प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया।

0 Views

Leave a Reply