अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खरदाना से लापता 12 वर्षीय बालक विशाल उर्फ गोलू पिता राजेश कोरकू (कलम) का शव घटना के तीसरे दिन महेंद्र गांव लोटिया के पास अजनाल नदी किनारे भैंसवाड़ा बैक वाटर क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से ग्राम खरदाना से 12 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना हंडिया में अपराध क्रमांक 280/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन विशाल अजनाल नदी के पास मीशू उर्फ मिश्रीलाल बडियार के खेत की ओर बकरियां चराने गया था। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने बताया कि सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच गांव का ही नर्मदाप्रसाद कोरकू वहां पहुंचा था और वह विशाल के पीछे मारपीट करने के उद्देश्य से दौड़ रहा था। डर के कारण अन्य बच्चे वहां से भाग गए। शाम को बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन विशाल वापस नहीं आया। घटना के बाद से संदेही नर्मदाप्रसाद फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजनाल नदी में भारी जलस्तर और तेज बहाव के बीच पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस अभियान में थाना हंडिया, रक्षित केंद्र, 18वीं वाहिनी एसएफ, थाना टिमरनी, रहटगांव और छीपाबड़ का पुलिस बल तथा एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट और लाइफ जैकेट के साथ जुटी रही। टीमों ने ग्राम उंवा, काकडदा, काली सराय, लोटिया, करणपुरा और भैंसवाड़ा बैक वाटर क्षेत्र में लगातार सर्चिंग की। पड़ोसी जिलों देवास और खंडवा को भी सूचना दी गई तथा इंदिरा सागर डैम प्रबंधन का सहयोग भी लिया गया। लगातार सर्चिंग के दौरान परिजनों की सूचना पर पुलिस टीम महेंद्र गांव लोटिया के पास अजनाल नदी किनारे पहुंची, जहां विशाल का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। खराब मौसम और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मौके पर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना था और शरीर फूल चुका था। मृतक के शरीर एवं चेहरे पर चोटों के निशान तथा गहरे घाव मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर बालक के साथ मारपीट कर पानी में डुबोने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से पानी सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। वहीं फरार संदेही नर्मदाप्रसाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
12 वर्षीय बालक का शव अजनाल नदी किनारे मिला, हत्या की आशंका

0 Views


