होली चौक के ट्यूबवेल की मोटर फिर जली, मरम्मत के बाद बहाल हुई पेयजल आपूर्ति

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम की नल-जल योजना के अंतर्गत होली चौक स्थित ट्यूबवेल की मोटर एक बार फिर जल जाने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई। पंचायत ने मोटर की मरम्मत कराकर दोबारा स्थापित कर दी है, जिससे जलापूर्ति बहाल हो गई है। हालांकि बार-बार मोटर खराब होने से पंचायत पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है और ग्रामीणों में भी नाराजगी है। जानकारी के अनुसार होली चौक पर लगी 10 हॉर्स पावर की पुरानी मोटर पिछले चार माह में छठी बार जल गई। वहीं बीते एक वर्ष में यह मोटर करीब 10 बार खराब हो चुकी है। हर बार मोटर निकालने, मरम्मत कराने और दोबारा लगाने पर पंचायत को हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मोटर निकालने में करीब 3 से 3.5 हजार रुपये, मरम्मत में लगभग 4 हजार रुपये तथा दोबारा स्थापित करने में भी करीब 3.5 हजार रुपये खर्च हो रहे हैं। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। पंचायत कर्मी बाबू खान ने बताया कि गांव के लगभग आधे हिस्से में पेयजल आपूर्ति इसी मोटर के माध्यम से होती है। अधिक समय तक लगातार संचालन के कारण मोटर पर अधिक दबाव रहता है, जिससे वह बार-बार खराब होकर जल जाती है। इसी मोटर से पानी सिराली मार्ग तिराहे पर स्थित पानी की टंकी तक पहुंचता है, जहां से पूरे क्षेत्र में जलापूर्ति की जाती है। ग्रामीणों सतीश पाटील, रामदास पाटील एवं पवन भायरे ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत पीएचई विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से पाइपलाइन और मोटर लगाने का कार्य कराया गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता की मोटर लगाए जाने के कारण शुरुआत से ही खराबी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार मरम्मत कराने की बजाय यहां 15 हॉर्स पावर की नई मोटर लगाई जाए, ताकि पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे और पंचायत को अनावश्यक खर्च से भी राहत मिल सके। उन्होंने विभाग से मांग की है कि पुरानी मोटर हटाकर नई एवं अधिक क्षमता वाली मोटर तत्काल स्थापित की जाए, जिससे गांव में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

0 Views

Leave a Reply