दो दिन बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून, झमाझम बारिश से अंचल तरबतर

-तापमान में गिरावट, उमस से मिली राहत
-खरीफ फसलों के लिए संजीवनी बनी वर्षा

अनोखा तीर, मसनगांव। दो दिन की सुस्ती के बाद गुरुवार को मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाने लगे और शाम होते-होते झमाझम बारिश ने पूरे अंचल को तरबतर कर दिया। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। 30 जून के बाद 2 जुलाई को मानसून के दोबारा सक्रिय होने से क्षेत्र में अच्छी वर्षा हुई। बारिश के कारण बाजार और प्रमुख मार्गों पर कुछ समय तक पानी बहता रहा। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और शाम के समय बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। यह वर्षा किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है। खरीफ सीजन में बोई गई सोयाबीन, मक्का, उड़द और धान की फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से बेहतर बढ़वार की उम्मीद बढ़ गई है। किसान राजकुमार पाटिल एवं राकेश रायखेरे का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी नियमित बारिश होती रही तो फसलों का विकास बेहतर होगा और उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे जल स्रोतों में पानी की आवक बढ़ेगी और खेती-किसानी को भी लाभ मिलेगा।
नदी-नालों में बढ़ा जलस्तर
गुरुवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद नदी-नालों में एक बार फिर पानी का बहाव तेज हो गया। सूखे पड़े नदी-नाले लबालब हो गए और कई स्थानों पर पानी पुल-पुलियों के ऊपर से बहता नजर आया, जिससे लोगों को सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ा। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्तों पर कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से उफनते नालों एवं पुल-पुलियों को अनावश्यक रूप से पार नहीं करने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply