अनोखा तीर, सिराली। भारतीय किसान संघ तहसील इकाई सिराली ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों द्वारा उत्पादित मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाए। साथ ही सिराली तहसील मुख्यालय पर मूंग खरीदी के लिए दो केंद्र बनाए जाएं, क्योंकि सुल्तानपुर वेयरहाउस तहसील के अंतिम छोर के गांवों से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। वर्तमान में माचक नदी का पुल भी क्षतिग्रस्त है, जिससे किसानों को उपज परिवहन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। भारतीय किसान संघ ने वर्ष 2025-26 की सोयाबीन फसल की लंबित बीमा राशि शीघ्र किसानों के खातों में जमा कराने की भी मांग की। इसके अलावा नकद खाद वितरण केंद्र (डीएमओ) के लिए तहसील मुख्यालय पर शीघ्र भूमि आवंटित कर डबल लॉक केंद्र खोलने तथा रासायनिक खाद वितरण की ई-टोकन प्रणाली को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने की मांग की, ताकि किसानों को सहज एवं सुलभ तरीके से खाद उपलब्ध हो सके। साथ ही जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। ज्ञापन में बताया गया कि किसानों की उपज की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ 4 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-आंदोलन करेगा। संगठन ने जिले के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। ज्ञापन सौंपते समय भारतीय किसान संघ के प्रांत मंत्री शैतान सिंह राजपूत, तहसील प्रभारी राजनारायण गौर, तहसील अध्यक्ष विजेश मुकाती, तहसील मंत्री जितेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेश जोशी, सदस्य नरेंद्र शुक्ला, राजकुमार बटाने, हरिओम गौर, दीपक बांके एवं अन्य किसान उपस्थित रहे।
मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

0 Views




