मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज के लिए 25 जुलाई तक होंगे पंजीयन

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपरा एवं लोककला से स्कूली विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला एवं राज्य स्तरीय मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए 25 जुलाई शाम 5.30 बजे तक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन किए जा सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यालय अपने यहां अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की तीन सदस्यीय टीम का गठन करेंगे। विद्यालय द्वारा गठित टीम का पंजीयन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 7 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित होगी। हरदा जिले में इसका आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में किया जाएगा। प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छह टीमें द्वितीय चरण के मल्टीमीडिया राउंड में भाग लेंगी। इस दौर में क्विज मास्टर द्वारा मल्टीमीडिया के माध्यम से रोचक प्रश्न पूछे जाएंगे। विजेता टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों के तीन दिन और दो रात्रि के भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। वहीं अगली तीन टीमों को मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा दो दिन और एक रात्रि के भ्रमण (आवास एवं भोजन सुविधा सहित) का कूपन मिलेगा। कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अशोक डेहरिया एवं क्विज मास्टर नितिन कुमार सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा उनके नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। नोडल अधिकारी अशोक डेहरिया ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, नवोदय एवं केंद्रीय विद्यालयों से अपने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply