नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण एवं सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर संपन्न

-10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग किए प्रदान
-22 हितग्राहियों का सहायक उपकरणों के लिए चयन

अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की एडीआईपी योजना के अंतर्गत कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन एवं एस.आर. ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जनपद पंचायत टिमरनी में जिले के दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग वितरण एवं सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि शिविर में ऐसे दिव्यांग हितग्राहियों, जिन्हें कृत्रिम अंग की आवश्यकता थी, उन्हें एलिम्को की विशेषज्ञ टीम द्वारा मौके पर ही कृत्रिम अंग तैयार कर प्रदान किए गए। साथ ही एडीआईपी योजना के तहत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, स्टिक, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरणों के वितरण के लिए पात्र दिव्यांगजनों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में जिले के कुल 80 दिव्यांगजन उपस्थित हुए। इनमें 38 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया। 10 हितग्राहियों को हाथ-पैर के कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स तैयार कर प्रदान किए गए, जबकि 22 हितग्राहियों का चयन सहायक उपकरण वितरण के लिए तथा 6 हितग्राहियों का चयन राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए किया गया। शिविर के दौरान जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा के विशेषज्ञों द्वारा 12 हितग्राहियों के यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा दिव्यांग पेंशन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई भी की गई।

0 Views

Leave a Reply