विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन

-जिपं में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जन-सम्मेलन-सह-लॉन्च कार्यक्रम

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत सभागार हरदा में गुरुवार को ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)Ó (वीबी-जी-राम-जी) योजना का जिला स्तरीय जन-सम्मेलन-सह-लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह एवं उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह ने कहा कि वीबी-जी-राम-जी योजना समग्र ग्रामीण विकास की परिकल्पना को साकार करेगी। योजना के तहत ग्रामीणजन ग्रामसभा के माध्यम से अपने गांव की कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना में ग्रामीणों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। यह योजना आधुनिक तकनीक एवं पारदर्शी व्यवस्था पर आधारित है तथा इसे केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली जोसेफ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की रूपरेखा बताते हुए कहा कि इसमें जीआईएस तकनीक, सिपरी सॉफ्टवेयर तथा युक्तधारा पोर्टल का उपयोग कर ग्राम पंचायतों की समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। योजना के तहत चार प्रमुख घटकों पर कार्य किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार को बुआई एवं कटाई के मौसम में अधिकतम 60 दिनों तक कृषि कार्यविराम घोषित करने का अधिकार रहेगा, जिससे किसानों और श्रमिकों के हितों में संतुलन बना रहेगा तथा 125 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने योजना के विभिन्न प्रावधानों की भी जानकारी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद ने मनरेगा और वीबी-जी-राम-जी योजना के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि योजना में जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संबंधी अवसंरचना तथा प्रतिकूल मौसम एवं आपदा से निपटने से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली जोसेफ ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया। कार्यक्रम में जनपद प्रतिनिधि, सरपंच, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, श्रमिक, आमजन तथा जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया। जिला पंचायत परिसर में हेल्थ चेकअप पॉइंट भी लगाया गया, जहां आम नागरिकों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिले द्वारा विशेष गीत एवं वीडियो भी तैयार कर प्रसारित किए गए।

0 Views

Leave a Reply