अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ की हरदा एवं सिराली इकाइयों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार राजेंद्र पंवार को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ ने ग्रीष्मकालीन मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो 4 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में बताया गया कि किसानों ने कड़ी मेहनत से ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल तैयार की है, जिसका औसत उत्पादन लगभग पांच क्विंटल प्रति एकड़ हुआ है। इसके बावजूद शासन स्तर से प्रति एकड़ केवल एक क्विंटल 20 किलोग्राम मूंग खरीदी के निर्देश जारी किए गए हैं। किसान संघ ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए समर्थन मूल्य पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग की। संघ ने सिराली तहसील मुख्यालय पर मूंग खरीदी के लिए दो केंद्र स्थापित करने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सुल्तानपुर वेयरहाउस सिराली तहसील के अंतिम छोर के गांवों से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। वहीं माचक नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने से किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में वर्ष 2025-26 की सोयाबीन फसल की लंबित बीमा राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग भी की गई। इसके साथ ही नगद खाद वितरण केंद्र (डीएमओ) के लिए तहसील मुख्यालय पर शीघ्र भूमि आवंटित कर डबल लॉक केंद्र खोलने, रासायनिक खाद वितरण में ई-टोकन प्रणाली को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने तथा जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। भारतीय किसान संघ हरदा इकाई के अध्यक्ष अरुण पटवारे ने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 4 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-आंदोलन शुरू किया जाएगा। तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने बताया कि किसान संघ का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। यह विषय शासन स्तर से संबंधित है, इसलिए ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा।
मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन

4 Views




