देवास। जिले के हाटपीपल्या क्षेत्र में नेवरी-चापड़ा मार्ग पर बुधवार देर रात भीषण सडक़ हादसा हो गया। नलकी हनुमान मंदिर के पास कार और मिनी ट्रक की आमने-सामने टक्कर में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नेवरी निवासी 42 वर्षीय राजेश जाट के रूप में हुई है। वे दूध व्यापारी थे। पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार देर रात करीब 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक के आगे के दोनों पहिए निकल गए और उसकी दिशा बदल गई। वहीं, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के एयरबैग भी खुल गए थे। जानकारी के अनुसार, राजेश जाट बिजवाड़ क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर नेवरी लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। वे दूध व्यापार के साथ पशु आहार का व्यवसाय भी करते थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजेश जाट को हाटपीपल्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हाटपीपल्या थाने के एसआई आई.एस. इक्का ने बताया कि गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिनी ट्रक में प्याज भरे हुए थे। बताया जा रहा है कि ट्रक में सवार एक व्यक्ति घायल हुआ है, लेकिन उसने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है।
दूध व्यापारी की कार और मिनी ट्रक की टक्कर से मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे

0 Views




