अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जिला हरदा इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) कार्यालय पहुंचकर महाप्रबंधक सुरेश से मुलाकात की। इस दौरान घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली, उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं जागरूकता संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने की मांग रखी। साथ ही स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के बीच सहयोगात्मक व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। ग्राहक पंचायत ने यह भी सुझाव दिया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए जिम्मेदार अधिकारी का नाम एवं मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने अपने मूल मंत्र संवाद से समाधान और विवाद से व्यवधान को दोहराते हुए उपभोक्ता हित में सकारात्मक पहल की आवश्यकता बताई। महाप्रबंधक सुरेश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष कमल सोनी, जिला उपाध्यक्ष अजप सिंह राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष नर्मदाप्रसाद गौर, मीडिया आयाम प्रमुख राम मिश्रा, पर्यावरण आयाम के मोहनलाल सोनी, विनोद चौहान एवं दीपक तंवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
स्मार्ट मीटर को लेकर ग्राहक पंचायत ने उठाए सवाल, जीएम से की चर्चा

2 Views




