जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का 25 से 30 जून तक होगा भव्य समापन

अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश में जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ऐतिहासिक जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का 25 जून से 30 जून 2026 तक प्रदेशभर में समारोहपूर्वक समापन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में वर्ष प्रतिपदा (19 मार्च 2026) को प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत प्रदेश में जल संरक्षण एवं संवर्धन के अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। अभियान के दौरान ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 10 हजार 514 करोड़ रुपये की लागत से 3.62 लाख से अधिक कार्यों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया। इसके अंतर्गत खेत तालाब, कूप रिचार्ज, अमृत सरोवर, चेकडेम, जलाशयों का जीर्णोद्धार, नालों की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा नदी पुनर्जीवन जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण कर प्रदेश को जल संसाधनों से समृद्ध बनाया गया है। अभियान की उपलब्धियों को जनसामान्य के समक्ष लाने एवं जनसहभागिता का सम्मान करने के उद्देश्य से 25 से 30 जून के बीच राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष समापन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के दौरान विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी, जिनमें किए गए कार्यों, उपलब्धियों तथा लाभान्वित परिवारों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। साथ ही जल संरचनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी संदेश का वाचन कर जल संरक्षण के संकल्प को दोहराया जाएगा। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण जल संरचनाओं का लोकार्पण किया जाएगा तथा खेत तालाब जैसी व्यक्तिगत संरचनाएं संबंधित हितग्राहियों को औपचारिक रूप से हस्तांतरित की जाएंगी। इस अवसर पर जनसहभागिता, श्रमदान एवं नवाचार के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा शासकीय कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। सामुदायिक जल संरचनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को इनके रखरखाव एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग की शपथ भी दिलाई जाएगी। समापन कार्यक्रमों में न केवल पिछले कार्यों की समीक्षा की जाएगी, बल्कि आगामी प्राथमिकताओं एवं भावी योजनाओं पर भी विशेष चर्चा होगी।  इसके तहत 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के विभिन्न आयामों एवं लाभों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आगामी मानसून ऋतु में व्यापक पौधरोपण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता सुनिश्चित करने, पूर्व में किए गए पौधरोपण की समीक्षा करने तथा किसानों के साथ खरीफ-2026 की तैयारियों एवं भावी कृषि कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।  शासन के निर्देशानुसार इन कार्यक्रमों में जिलों के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधियों सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply