अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्यान्ह भोजन योजना) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि क्वालिटी मॉनिटर नियमित रूप से स्कूलों का भ्रमण कर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी अशुद्ध या निम्न गुणवत्ता का भोजन तैयार न किया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में पेयजल की शुद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। सभी स्कूलों में वॉटर टेस्टिंग किट उपलब्ध रहे, जिसके माध्यम से समय-समय पर पेयजल की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले रसोइयों द्वारा भी स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का पालन किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन विद्यालयों में किचन शेड का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बरसात को देखते हुए विद्यालय परिसरों के आसपास जलभराव की स्थिति नहीं बनने देने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी स्थिति में जर्जर भवनों में स्कूल संचालित न किए जाएं। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी, डीपीसी बलवंत पटेल सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें : कलेक्टर

0 Views



