अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए सत्र की शुरुआत से ही प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में कमजोर परीक्षा परिणाम किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विगत बोर्ड परीक्षाओं में जिन स्कूलों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, उनका विस्तृत विश्लेषण किया जाए तथा कमियों को चिन्हित कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था कमजोर न रहे और विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बेहतर हो। कलेक्टर ने ऐसे अतिथि शिक्षकों के संबंध में भी सख्त निर्देश दिए, जो शिक्षण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के प्रति उदासीन अतिथि शिक्षकों को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाए। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों के प्रवेश, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति तथा विद्यार्थियों को साइकिल वितरण जैसी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही उल्लास नव साक्षर अभियान के तहत असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी कलेक्टर ने प्राप्त की। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी, जिला परियोजना समन्वयक बलवंत पटेल सहित शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बोर्ड परीक्षाओं में कमजोर परिणाम बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर

0 Views




