अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं पांचवीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस की एक्शन टेकन रिपोर्ट के तहत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के आंगनबाड़ी बच्चों को वर्ष में दो बार प्राथमिक शालाओं का एक्सपोजर विजिट कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में हरदा शहरी क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी केंद्र हरदा खुर्द-1 एवं हरदा खुर्द-2 के बच्चों का प्राथमिक शाला हरदा खुर्द में एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक पूजा चौहान ने बच्चों को विद्यालय के वातावरण से परिचित कराया तथा प्राथमिक शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक शिवनारायण देवड़ा ने बच्चों एवं अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को नि:शुल्क ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर बच्चों ने कहानी एवं कविताएं सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी परियोजना अधिकारी भारती भल्लावी, पर्यवेक्षक रेखा गौर, पर्यवेक्षक पूजा चौहान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भारती एवं नीतू, सहायिकाएं ज्योति और अरुणा, प्राथमिक शाला की शिक्षिकाएं अंजलि बघेल, प्रमिला चार्वे, भारती वाइन, प्रतिभा चावड़ा तथा ज्योति सोनी सहित बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्वल्पाहार कराया गया तथा सुरक्षित रूप से उनके घर पहुंचाया गया।
आंगनबाड़ी बच्चों का प्राथमिक शाला में एक्सपोजर विजिट आयोजित

0 Views




