मूंग खरीदी की मात्रा तय नहीं हुई तो आंदोलन करेगा भाकिसं

अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा की मासिक बैठक जिला प्रभारी सर्वज्ञ दीवान की उपस्थिति में बलराम सभागृह, कृषि उपज मंडी हरदा में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। जिला प्रभारी सर्वज्ञ दीवान ने बताया कि विगत माह प्रदेश इकाई की मुख्यमंत्री के साथ बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें कृषि सचिव निशांत बरवड़े ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आगामी समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के हिसाब से करने की अनुमति मांगी गई है। उन्होंने बताया कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा भी की गई थी, किंतु अभी तक खरीदी की मात्रा स्पष्ट नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ कुछ दिन तक प्रतीक्षा करेगा। इसके बाद भी यदि खरीदी की मात्रा स्पष्ट नहीं की जाती है तो संगठन इस मुद्दे को लेकर वृहद आंदोलन की योजना बनाएगा, जिसकी जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी। बैठक में वर्ष 2025 की सोयाबीन बीमा राशि पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि बीमा राशि स्वीकृत हो चुकी है, किंतु अभी तक किसानों को भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। इसे शीघ्र किसानों को उपलब्ध कराया जाए। खाद की उपलब्धता के विषय में भी चर्चा करते हुए मांग की गई कि ई-टोकन व्यवस्था को सरल बनाया जाए तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। मोरंड-गंजाल संयुक्त सिंचाई परियोजना के संबंध में बताया गया कि परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है तथा शेष खामियों को एक-दो माह में दूर कर निर्माण कार्य में गति प्रदान करने का आश्वासन राज्य शासन द्वारा दिया गया है। बैठक में जिला प्रभारी सर्वज्ञ दीवान, जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, प्रांत उपाध्यक्ष नरेंद्र दोगने, संभाग अध्यक्ष विनोद पाटिल, आनंदराम किरार, हरिशंकर सारण, राजेंद्र बांके, बृजमोहन राठौर, कैलाश जलावड़ा, विष्णु गौर, बालकदास छापरे, राजनारायण गौर, दीपचंद नवाद, विनय यादव, दीपक पटेल, सियाराम गौर, नारायण मातमा, विजेश मुकाती, संतोष गौर, रामकृष्ण कुशवाह, रेवाशंकर दोगने, रमेश जलवाणिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply