-चार दिनों तक चले आयोजन में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अनोखा तीर, हरदा। माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय महोत्सव का समापन मंगलवार को भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा, पुरस्कार वितरण एवं प्रसादी के साथ हुआ। चार दिनों तक चले इस आयोजन में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। जिला अध्यक्ष अमित तोषनीवाल ने बताया कि समापन दिवस पर प्रात: मदन मोहन मंदिर में भगवान महेश का अभिषेक, पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद शाम 5 बजे कन्हैया मंदिर से भगवान महेश की सुसज्जित पालकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पूजन, आरती एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्र एवं महिलाएं केसरिया साड़ी धारण कर शामिल हुईं। भजन गायक जयकृष्णा चांडक, अभिजीत हुरकट, विजय बागड़ एवं किशन कोठारी ने भगवान महेश के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर समाजजनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा कन्हैया मंदिर से प्रारंभ होकर चांडक चौराहा, गणेश मंदिर, मल्हार मंदिर, गणेश चौक, बड़ा मंदिर एवं घंटाघर होते हुए मदन मोहन मंदिर पहुंची, जहां आरती एवं पूजन किया गया। इसके पश्चात खंडवा बायपास स्थित माहेश्वरी मांगलिक भवन में चार दिनों से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाज अध्यक्ष राजीव मोहता ने बताया कि प्रतियोगिताओं में समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। माहेश्वरी मांगलिक भवन में प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी समाज, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन एवं माहेश्वरी नवयुवती संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




