मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

-शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

अनोखा तीर, हरदा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरदा पुलिस द्वारा मंगलवार को नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, एसडीओपी शालिनी परस्ते, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी सिविल लाइन, थाना प्रभारी यातायात सहित पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर निकाला गया। इस दौरान नागरिकों को शांति, भाईचारा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है। हरदा पुलिस ने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply