मंडी टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में जिले की मंडियां रही बंद

-करोड़ों का व्यापार प्रभावित

अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी सहित खिरकिया, टिमरनी और सिराली की मंडियों में नीलामी नहीं हुई। इसके चलते जिले में करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार प्रभावित हुआ। अकेले हरदा मंडी में प्रतिदिन लगभग 25 हजार क्विंटल उपज की आवक होती है, जिससे करीब 5 करोड़ रुपये का व्यापार होता है। मंडी टैक्स में बढ़ोतरी के विरोध में ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के आह्वान पर नीलामी कार्य बंद रखा गया। मंडी बोर्ड द्वारा मंडी शुल्क को 1 रुपये से बढ़ाकर 1.50 रुपये प्रति सैकड़ा किए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश दलहन तिलहन, अनाज व्यापारी संघ ने 23 जून को प्रदेश की सभी कृषि उपज मंडियों में नीलामी कार्य बंद रखने का निर्णय लिया था। नीलामी बंद होने के कारण मंडी के शेड सूने पड़े रहे। जो किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे थे, उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई किसान बिना उपज बेचे ही वापस लौट गए। इस बंदी से मंडी प्रशासन को भी लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। हरदा मंडी को प्रतिदिन लगभग 2 लाख रुपये की आय टैक्स के रूप में प्राप्त होती है। मंडी व्यापारी ने बताया कि मंडी टैक्स में बढ़ोतरी से व्यापारी और किसान दोनों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को वापस लेने की मांग की है।

0 Views

Leave a Reply