-ग्रामीण विकास योजनाओं की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश
-पीएम आवास निर्माण में प्रगति लाने पर जोर
अनोखा तीर, हरदा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अब सप्ताह में तीन दिन अपने कार्यक्षेत्र के ग्रामों का भ्रमण करेंगे। साथ ही वे मैदानी क्षेत्रों के भ्रमण की जानकारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। यह व्यवस्था सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन द्वारा तय की गई। बैठक में कलेक्टर ने समूचे जिले में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ-साथ नगरीय निकायों में भी पेयजल परीक्षण किट उपलब्ध रहें, ताकि कहीं भी दूषित पेयजल की आपूर्ति की स्थिति निर्मित न हो। बैठक में बताया गया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय, एसडीएम खिरकिया कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा डॉ. बी.आर. अम्बेडकर बालक एवं बालिका छात्रावास हरदा को आईएसओ प्रमाणित घोषित किया गया है। इस अवसर पर कलेक्टर ने एसडीएम खिरकिया, जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को आईएसओ प्रमाण-पत्र प्रदान किए। बैठक के दौरान विद्यार्थियों के आधार एवं जन्म प्रमाण-पत्र में नामों के मिलान में त्रुटियां पाए जाने पर कलेक्टर ने शिविर आयोजित कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान में बेहतर प्रगति लाने तथा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएम आवास निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरदा अशोक कुमार डेहरिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।





