घंटाघर क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था की मांग

-विधायक प्रतिनिधि ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। शहर के हृदय स्थल घंटाघर मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात पुलिस एवं अन्य पुलिस बल की नियमित ड्यूटी नहीं होने से आमजन एवं व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर विधायक प्रतिनिधि संजय जैन ने पुलिस अधीक्षक हरदा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था करने की मांग की। संजय जैन ने बताया कि घंटाघर क्षेत्र शहर का सबसे व्यस्त बाजार है, जहां प्रतिदिन हजारों महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग एवं व्यापारी आते-जाते हैं। पुलिस की अनुपस्थिति के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। अवैध पार्किंग, ठेले एवं अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल नहीं होने से चेन स्नेचिंग, जेबकतरी एवं लूट जैसी घटनाओं का भय बना रहता है। व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है तथा किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल सहायता भी उपलब्ध नहीं हो पाती। ज्ञापन में मांग की गई है कि घंटाघर स्थित पुलिस चौकी पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक यातायात पुलिस के दो जवानों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए। इसके अलावा अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई करने की भी मांग की गई। संजय जैन ने कहा कि घंटाघर हरदा की पहचान और शान है। यहां कानून व्यवस्था सुदृढ़ होना आवश्यक है, जिससे महिलाएं, बच्चे एवं नागरिक निर्भय होकर बाजार में आवागमन और खरीदारी कर सकें। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं थाना प्रभारी कोतवाली को भी भेजी गई है।

0 Views

Leave a Reply