नर्मदा तट पर किया सामूहिक योगाभ्यास

-योग के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अनोखा तीर, हंडिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को स्वस्थ आयु के लिए योग  थीम पर तहसील स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम मां नर्मदा घाट पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजपाल तोमर, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन मीणा, एसडीएम प्रवीण प्रजापत, जनपद पंचायत सीईओ अश्वनी राठौर तथा नगर पंचायत सीएमओ आनंदीलाल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रभारी बीईओ मनोज उपाध्याय, शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय सबासड़ी के प्राचार्य संतोष जाट, शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय नेमावर के प्राचार्य राजेंद्र हथेल, योग अभ्यास प्रभारी जन शिक्षक गजानंद यादव, पार्षदगण, सरपंच गणेशाराम करोगे, पूर्व जनपद सदस्य गुरु यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी योगाभ्यास में सहभागिता की। एसडीएम प्रवीण प्रजापत ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है, जबकि जनपद पंचायत सीईओ अश्वनी राठौर ने कम समय में बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित योगाभ्यास को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। योग एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंच से फलदार वृक्षों के लिए बीज गेंद (सीड बॉल) बनाने तथा बीज रोपकर अधिक से अधिक पौधे तैयार करने की अपील की गई। विश्व संगीत दिवस के अवसर पर सुनील मालवीया ने मधुर वाद्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को संगीतमय बनाया। अंत में स्वच्छ वाहिनी समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र मौर्य ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने मां नर्मदा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर घाट की सफाई की तथा नियमित योग, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

0 Views

Leave a Reply