नाले के पास खुले में फेंके जा रहे मृत पशु, बदबू और बीमारी का खतरा

अनोखा तीर, खिरकिया। क्षेत्र में कोदिया नाले के पास किल्लौद रोड किनारे पिछले कई महीनों से मृत पशुओं के शव खुले में फेंके जा रहे हैं। इसके कारण आसपास के रहवासियों एवं मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को तेज दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। राहगीरों को न केवल असुविधा हो रही है, बल्कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद इसका समाधान नहीं हो पाया है। किल्लौद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत ने कहा कि मृत पशुओं के शवों को खुले में फेंकने के बजाय गड्ढा खोदकर वैज्ञानिक तरीके से दफनाया जाना चाहिए। वहीं विजय सिंह इरलावत ने चिंता जताते हुए कहा कि नाले किनारे यदि किसी व्यक्ति का शव बोरे में बांधकर फेंक दिया जाए तो उसकी पहचान और जानकारी मिलना भी कठिन हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मृत पशुओं के निस्तारण के लिए निर्धारित स्थान तय करने, नियमित निगरानी एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में कीटाणुनाशक छिड़काव कराने की मांग की है। जनहित में इस समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य और स्वच्छता बनी रहे।

0 Views

Leave a Reply