बैंकों में नहीं मिल रहा कैश, नकदी के अभाव में ग्राहक परेशान

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्रामीण क्षेत्र के बैंकों में नकदी की कमी के चलते ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में पिछले करीब 15 दिनों से पर्याप्त कैश उपलब्ध नहीं होने के कारण खाताधारकों को अपनी आवश्यकता के अनुसार राशि नहीं मिल पा रही है। बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को कई बार कम राशि देकर लौटाया जा रहा है, जिससे उनके जरूरी कार्य अधूरे रह रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान समय में किसानों के खातों में सरकारी गेहूं खरीदी की राशि जमा हो रही है। इसके अलावा कृषि उपज मंडियों में भी व्यापारियों द्वारा किसानों को आरटीजीएस और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान किया जा रहा है। खातों में राशि होने के बावजूद किसान और अन्य ग्राहक आवश्यकता अनुसार नकदी नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हार्वेस्टर संचालकों का भुगतान, कृषि उपकरणों की मरम्मत, उर्वरक, दवाइयों तथा सोयाबीन बीज की खरीद के लिए नगद राशि की आवश्यकता बनी हुई है। लेकिन बैंक से पर्याप्त नकदी नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान करना पड़ रहा है। कई व्यापारी अभी भी नगद भुगतान को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्राहकों ने बताया कि बैंक में नकदी की उपलब्धता कम होने से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग निराश होकर लौट रहे हैं। बुजुर्ग और दूर-दराज के गांवों से आने वाले खाताधारकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शाखा में पर्याप्त मात्रा में नकदी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके तथा उनके दैनिक और कृषि संबंधी कार्य समय पर पूरे हो सकें।
एटीएम बंद होने से बैंक पर निर्भर हैं ग्राहक
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम लगा हुआ था, जो पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा है। ऐसे में ग्राहक पूरी तरह बैंक पर निर्भर हैं। नगद राशि प्राप्त करने के लिए किसानों और अन्य खाताधारकों को बैंक में लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में ग्राहक बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी नकदी की कमी के कारण उन्हें हरदा जाकर एटीएम से राशि निकालनी पड़ रही है। इसके लिए ग्राहकों को 11 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ रही है।

0 Views

Leave a Reply