बिजली अवरुद्ध होने पर 1912, उपाय ऐप, व्हाट्सएप चैटबॉट पर दर्ज कराएं शिकायत

अनोखा तीर, हरदा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए फ्यूज ऑफ कॉल (एफओसी) एवं विद्युत अवरोध संबंधी शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कंपनी के सभी मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखें तथा उपभोक्ताओं के कॉल अटेंड करें। प्रबंध संचालक ने क्षेत्रीय मुख्य महाप्रबंधकों, संभागीय उप महाप्रबंधकों एवं मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कॉल सेंटर 1912, व्हाट्सएप चैटबॉट, स्थानीय व्हाट्सएप समूहों एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली विद्युत संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीआरएम पोर्टल पर सतत निगरानी रखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं उपभोक्ताओं से संवाद बनाए रखा जाए। कंपनी ने बताया कि आंधी, बारिश एवं अन्य कारणों से उत्पन्न विद्युत व्यवधान संबंधी शिकायतों के लिए उपभोक्ताओं को कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912, व्हाट्सएप नंबर 0755-2551222, मोबाइल ऐप ‘उपायÓ अथवा कंपनी की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन माध्यमों से दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि उपभोक्ता अपने मोबाइल में व्हाट्सएप नंबर 0755-2551222 सेव कर हाय लिखकर संदेश भेजें और प्राप्त निर्देशों का पालन कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ‘उपायÓ ऐप डाउनलोड कर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। कंपनी के पोर्टल पर एलटी सर्विसेज में जाकर ‘कंप्लेंटÓ विकल्प के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है। वहीं 1912 पर कॉल कर आईवीआरएस के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कंपनी ने सभी बिजली कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्युत आपूर्ति, रखरखाव एवं संचालन कार्यों में सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करें। बिना अनुमति अवकाश पर न जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक कर्मचारी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें। आंधी, तूफान एवं बारिश के दौरान विद्युत अवरोध संबंधी शिकायतों की संख्या बढ़ने पर कॉल सेंटर के संचालन एवं पर्यवेक्षण स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

0 Views

Leave a Reply