हरदा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, मानपुरा क्षेत्र से हटाए गए कब्जे

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को मानपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। नगर पालिका द्वारा प्रत्येक बुधवार को यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों और नगर पालिका कर्मचारियों के बीच हल्की बहस हुई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शांत करा दिया। नगर पालिका सीएमओ कमलेश पाटीदार ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कार्रवाई से पहले मुनादी कर लोगों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद कई लोगों ने स्वयं ही अपने कब्जे हटा लिए।
टिमरन नदी पुलिया के पास हटाए गए पुराने अतिक्रमण
टिमरन नदी पुलिया के पास कुछ लोगों ने वर्षों से सड़क किनारे टीन शेड एवं अस्थायी मकान बना रखे थे। नगर पालिका की ओर से इन परिवारों को पिछले एक वर्ष से लगातार नोटिस दिए जा रहे थे। बुधवार को अमला मौके पर पहुंचा तो चारों परिवारों ने स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लिए। यह मार्ग अग्रवाल समाज के गंगा मंदिर से लगी कृषि भूमि तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।
वार्ड प्रभारियों की भी तय होगी जवाबदेही
सीएमओ कमलेश पाटीदार ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों एवं बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण रोकने के लिए संबंधित वार्ड प्रभारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क किनारे किए गए स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण स्वयं हटा लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की स्थिति न बने।

0 Views

Leave a Reply