सांझ चौपाल में शामिल होने एक ही बस से पहुंचे सभी जिला अधिकारी

अनोखा तीर, हरदा। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सांझ चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम कायदा में सांझ चौपाल का आयोजन किया गया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक शशांक तथा वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया सहित सभी जिला अधिकारी सांझ चौपाल में शामिल होने के लिए कलेक्टर परिसर से एक ही बस में रवाना हुए। प्रशासन की इस पहल को टीम वर्क और ग्रामों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश माना जा रहा है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि सांझ चौपाल में सभी विभागों के अधिकारी एक साथ उपस्थित रहेंगे, ताकि कोई भी आवेदक बिना समाधान के वापस न लौटे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों की राजस्व, पेंशन, राशन, बिजली, पानी, आवास सहित अन्य समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। सांझ चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की जाएगी, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

0 Views

Leave a Reply