अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के क्षेत्र में गर्मी की मूंग फसल की कटाई और निकासी का कार्य जारी है। कई किसानों की फसल तैयार हो चुकी है और वे समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए शासन द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं। हालांकि हल्का पटवारी द्वारा अब तक खेतों की ऑनलाइन गिरदावरी नहीं किए जाने से किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है। किसानों का कहना है कि मूंग पंजीयन के लिए वे लगातार ऑनलाइन केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन गिरदावरी दर्ज नहीं होने के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इससे किसानों में चिंता बढ़ गई है। शासन द्वारा मूंग पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। ऐसे में समय रहते गिरदावरी नहीं होने पर कई किसान पंजीयन से वंचित रह सकते हैं। किसान जगदीश मालवीय, विनोद भाटी और रामदास रायखेरे ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश किसानों की फसल तैयार है, लेकिन गिरदावरी लंबित होने से पंजीयन कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी पटवारियों को शीघ्र ऑनलाइन गिरदावरी कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों का पंजीयन समय पर हो सके और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में किसान समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के अवसर से वंचित हो सकते हैं। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।

