-विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान की त्रिदिवसीय शिक्षक कार्यशाला
अनोखा तीर, टिमरनी। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, भोपाल के मार्गदर्शन एवं विज्ञान लोकप्रियकरण एवं सामाजिक शोध संस्था, रायसेन के संयुक्त तत्वावधान में आदिवासी बहुल्य क्षेत्रों के शिक्षकों के लिए 11 से 13 जून 2026 तक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, टिमरनी में त्रिदिवसीय शिक्षक दक्षता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान शिक्षण को अधिक अनुभवात्मक, गतिविधि आधारित एवं नवाचारपूर्ण बनाना है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को खगोल विज्ञान, मॉडल निर्माण, एरोमॉडलिंग, डे-टाइम एस्ट्रोनॉमी, ग्लोब एवं मानचित्र पठन, आकाश दर्शन तथा इतिहास शिक्षण की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का शुभारंभ 11 जून को प्रात: 10 बजे होगा। उद्घाटन सत्र में जिला शिक्षा अधिकारी डी.के. रघुवंशी, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक, स्काई वॉचिंग विशेषज्ञ एवं अन्य विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम संयोजक दीपक सोनी ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को क्रियाशील एवं मॉडल आधारित शिक्षण पद्धति में दक्ष बनाना है, जिससे विद्यार्थी विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। 13 जून को प्रमाण-पत्र वितरण के साथ कार्यशाला का समापन होगा।

