-सफाई के अभाव में जल भराव और दुर्घटना का खतरा बड़ा
अनोखा तीर, सिराली। मानसून पूर्व नालों और नालियों की सफाई को लेकर प्रशासन के निर्देशों के बावजूद सिराली नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नगर के विभिन्न वार्डों के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि नियमित सफाई नहीं होने से नालों में कचरा और गाद जमा है, जिसके कारण हल्की बारिश में ही सड़कों पर पानी भरने लगा है। नगर के बाजार क्षेत्र में मंदिर के सामने स्थित प्रमुख नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने से उसमें कचरा जमा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी बाधित होने के कारण नाले से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के रहवासियों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों के अनुसार वार्ड क्र. 3, 7 और 11 सहित कई क्षेत्रों में नालियों की स्थिति खराब है। बारिश के दौरान पानी सड़कों पर फैल जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। वार्ड क्र. 7 के रहवासी रियाज खान ने बताया कि नाली की समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं फुटकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष शेख असलम ने कहा कि नगर में कई स्थानों पर नालियों के ऊपर लगे लोहे के ढक्कन टूटे या खुले पड़े हैं तथा कुछ नालियां अधूरी बनी हुई हैं। इससे पानी सड़कों पर फैलने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी नगर निकायों को मानसून से पहले नालों और नालियों की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सिराली में सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिकों में नाराजगी दिखाई दे रही है। नगर के रहवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी प्रमुख नालों और नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा अधूरी एवं क्षतिग्रस्त नालियों का मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि जलभराव, गंदगी और दुर्घटनाओं की आशंका से लोगों को राहत मिल सके।

