अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश ने देश में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की है। राज्य शासन, नगरीय निकायों तथा ऋणदाता संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में अब तक 10 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभान्वित कर उनके स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त किया गया है। योजना की पहुँच को अंतिम छोर तक और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1 जून 2026 से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जो 30 जून तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालयों पर स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें पीएम स्वनिधि योजना के सफल लाभार्थियों और उनके परिवारों की आत्मनिर्भरता, संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले वेंडर्स को सम्मानित करना तथा योजना के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाना है। नगरीय निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेलों के माध्यम से ‘पथ विक्रेताओं के लिए सेवाएँ आपके द्वारÓ की अवधारणा को लागू किया जाएगा। इन मेलों में जरूरतमंद वेंडर्स को बिना गारंटी 15 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा, न्यूनतम ब्याज दर पर वित्तीय सहायता, क्रेडिट कार्ड एवं डिजिटल लेनदेन संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही बैंकर्स और पथ विक्रेताओं की बैठकें आयोजित कर बैंकिंग सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा तथा नगर निकाय सहायता केंद्रों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के तहत सेन्सस टाउन स्तर पर स्वनिधि कैंप आयोजित कर दूरस्थ एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों के पथ विक्रेताओं को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से छूटे हुए एवं नए विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें योजना की जानकारी दी जाएगी तथा ऋण स्वीकृति हेतु पंजीयन की त्वरित कार्यवाही की जाएगी, जिससे कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

