अनोखा तीर, हरदा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था हरदा में प्रदेश एवं जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 जून, गुरुवार को प्रात: 10 बजे से एक दिवसीय ‘युवा संगमÓ रोजगार मेला एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित युवाओं को रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के बेहतर अवसर प्रदान करना है। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में जिले की प्रतिष्ठित कंपनी मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा सहभागिता कर रही है। कंपनी द्वारा मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना एवं नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के अंतर्गत एक वर्षीय प्रशिक्षण कोर्स में विभिन्न पदों की पूर्ति की जाएगी। चयनित आवेदकों को मासिक स्टाइपेंड/मानदेय दिया जाएगा तथा प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने पर मध्यप्रदेश शासन का प्रमाण पत्र भी प्राप्त होगा। मेले में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा के एचआर अधिकारी साक्षात्कार के लिए उपस्थित रहेंगे। इस ‘युवा संगमÓ मेले में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मध्यप्रदेश के मूल निवासी महिला एवं पुरुष आवेदक भाग ले सकेंगे। सभी आवेदकों को आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज एवं बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा।

