अनोखा तीर, हरदा। जिला पेट्रोलियम एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार 29 मई को रात्रि 7.30 बजे होटल हवेली, हरदा में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियों के डीलरों ने भाग लिया। इसमें बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसीएल, नायरा, रिलायंस एवं जियो-बीपी सहित सभी कंपनियों के डीलर उपस्थित रहे। बैठक में वर्तमान परिस्थितियों में पेट्रोल एवं डीजल प्रदाय में आने वाली कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति से संबंधित वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए शासन, प्रशासन एवं ऑयल कंपनियों द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों एवं आदेशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। दूसरे प्रस्ताव में तय किया गया कि यदि पेट्रोल-डीजल की अल्प उपलब्धता अथवा अन्य किसी कठिन परिस्थिति में किसी सदस्य डीलर के विरुद्ध शासन, प्रशासन अथवा कंपनी द्वारा अनुचित कार्रवाई की जाती है, तो जिले के समस्त डीलर संगठित होकर उसका सहयोग करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालक एकजुट होकर बिक्री बंद करने का निर्णय भी ले सकते हैं। बैठक में संगठन की एकता बनाए रखने के लिए यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई सदस्य संगठन के नियमों के विरुद्ध कार्य करता है, तो उसे संगठन की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित सदस्य पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक के दौरान जिला पेट्रोलियम एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से केशव बंसल को जिला अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर आशुतोष कोठारी, बसंत महंत एवं मोंटू खंडेलवाल को नियुक्त किया गया। सचिव पद की जिम्मेदारी दीपक सोकल एवं अंशुल गोयल को सौंपी गई। कोषाध्यक्ष के रूप में हिमांशु मौर्य, रोहन अग्रवाल एवं सुकुमाल जैन को नियुक्त किया गया, जबकि मीडिया प्रभारी के रूप में हिमांशु बंसल एवं रवि बंसल को दायित्व सौंपा गया। संगठन के संरक्षक मंडल में मनोहरलाल राठौड़, अनिल बंसल, अनिल पटेल एवं ललित बिश्नोई को शामिल किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि प्रत्येक पेट्रोलियम कंपनी से तीन-तीन सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी डीलरों ने संगठन की एकता, आपसी सहयोग एवं पेट्रोलियम व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
————-

