नवनियुक्त एल्डरमैनों ने शहर के विकास कार्यों को लेकर नगर पालिका को दिया आवेदन

-अजनाल नदी स्टॉप डेम, सड़क, नाली, पेयजल और अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग
अनोखा तीर, हरदा। शहर में विभिन्न विकास कार्य कराए जाने की मांग को लेकर नवनियुक्त एल्डरमैन नरेंद्र सैनी, मनसुख लोहाना एवं गजानंद डाले ने नगर पालिका परिषद हरदा में आवेदन प्रस्तुत किए। आवेदन में शहर के विभिन्न वार्डों की मूलभूत समस्याओं एवं आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराने की मांग की गई। नरेंद्र सैनी ने अजनाल नदी के स्टॉप डेम के बंद गेट खोले जाने एवं गेट की ऊंचाई कम किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना है कि इससे वर्षा ऋतु में बाढ़ का खतरा कम हो सकेगा। इसके अलावा वार्ड क्र.10 में पालीवाल आयुर्वेदिक दुकान से शीतला माता मंदिर तक सड़क निर्माण कराने की मांग की गई। वहीं वार्ड क्र.31 में प्राथमिक स्कूल के पास गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डालने, नदी किनारे वृक्षारोपण कराने तथा बंसल पेट्रोल पंप से गुप्तेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई गई। वार्ड क्र.25 स्थित नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग भी आवेदन में शामिल की गई। मनसुख लोहाना ने वार्ड क्र. 32 की नर्मदा कॉलोनी में सड़क के दोनों ओर गति अवरोधक बनाने, उद्यान स्थित मंदिर के पास हैंडपंप लगाने तथा मेजर जोशी कॉलोनी के उद्यान को समतल कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि बारिश के दिनों में तीनों ओर सड़क होने के कारण उद्यान में पानी भर जाता है। इसके साथ ही शिव कॉलोनी में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण तथा 200 मीटर लाइन के माध्यम से प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई गई। गजानंद डाले ने वार्ड क्र.16 में चंदर सराफ की बाड़ी के समीप गलियों में सड़क निर्माण कराने तथा नहर किनारे रहने वाले लोगों के लिए गर्मी के दिनों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। एल्डरमैनों ने नगर पालिका से मांग की है कि जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
———————–

0 Views

Leave a Reply