-18 वर्ष बाद कई दोस्त पहली बार मिले
अनोखा तीर, हरदा। सरस्वती विद्या मंदिर हरदा के वर्ष 2007-08 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व छात्र विजय जेवल्या ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग एक माह पहले से शुरू कर दी गई थीं। आयोजन के लिए उन सभी साथियों से संपर्क किया गया, जो वर्तमान में देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर शासकीय, अशासकीय, व्यवसाय, कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। रीयूनियन के माध्यम से सभी साथियों ने वर्षों बाद एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादें ताजा कीं। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे के वर्तमान कार्य एवं जीवन के बारे में जानकारी साझा की तथा जीवनभर संपर्क में बने रहने और एक-दूसरे की सहायता करने का संकल्प लिया। इस दौरान उन साथियों को श्रद्धांजलि भी दी गई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। आयोजन में विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें गेम्स, क्विज प्रतियोगिता, अवार्ड वितरण एवं स्कूल के पुराने गीतों का गायन शामिल रहा। कार्यक्रम में आधी छुट्टी की तर्ज पर भोजन मंत्र भी कराया गया तथा प्रार्थना के साथ विद्यालयीन वातावरण को पुन: जीवंत किया गया। पूर्व छात्रों ने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर से मिले संस्कार आज भी उनके जीवन में प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कितना भी व्यस्त या बड़ा क्यों न हो जाए, मन हमेशा बचपन की यादों से जुड़ा रहता है। आयोजकों ने बताया कि रीयूनियन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मित्रता और अपनत्व को फिर से जीवंत करने का प्रयास है। वर्षों बाद दोस्तों के बीच मिलकर बिताए गए पल सभी के लिए यादगार बन गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा सोदावत, मिनी टाले, अंकिता अग्रवाल, सलोनी सोनी, पलक बाफना, अंकित अग्रवाल, नवीन असरानी, मयूर पाराशर, अश्विन, मेहुल जैन, अंकित गबरू, दीपेश बरगले सहित सभी स्कूल साथियों की विशेष भूमिका रही।
————-

