राष्ट्र उत्थान के लिए स्वदेशी अवधारणा मजबूरी नहीं, मजबूती का आधार है – सतीश कुमार

-स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबन अभियान के प्रांतीय विचार वर्ग का समापन

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रांत के स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबन अभियान के प्रांतीय विचार वर्ग का समापन प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। समापन अवसर पर अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री सतीश कुमार ने स्वदेशी अवधारणा को राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार बताते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में स्वदेशी केवल मजबूरी नहीं, बल्कि देश की मजबूती का प्रतीक बनकर उभर रही है।  उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हार्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते राजनीतिक तनाव के कारण पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो रही है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा संकट जैसी परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं। ऐसे समय में देश के आम नागरिकों की जीवन शैली में स्वदेशी भावना का अभ्युदय अत्यंत आवश्यक है। सतीश कुमार ने कहा कि यदि आमजन अपने दैनिक जीवन में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव करें तो देश को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सोने की खरीद पर नियंत्रण, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, मितव्ययिता अपनाने तथा ऊर्जा, पानी एवं अन्य राष्ट्रीय संसाधनों का संयमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय, गणमान्य नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों से समाज में जागरूकता फैलाने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम  में मध्य प्रांत के 16 जिलों से पहुंचे प्रशिक्षणार्थियों ने हरदा में आयोजित प्रांतीय वर्ग की व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधक रविलाल पटेल, नरेंद्र राठी, विनेश पटेल, ओम पटेल, बनबारीलाल यादव, सरगम जैन, वल्लभ तोषनीवाल, नरेंद्र भांबू सहित संपूर्ण समिति का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम  के अंत में डॉ. एल.एन. पाराशर ने आभार व्यक्त किया।
————————

2 Views

Leave a Reply