-25 लाख के सामुदायिक भवन की घोषणा, जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता
अनोखा तीर, हरदा/मोरगढ़ी। आदिवासी ग्राम मोरगढ़ी में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल की त्वरित पहल से हो गया। समाधान दिवस के दौरान ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव में पेयजल संकट की समस्या उनके समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने तत्काल पीएचई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री के निर्देश पर गांव में 400 फीट गहरी बोरिंग कराई गई, जिसमें पर्याप्त पानी निकला। इसके साथ ही बेहतर गुणवत्ता वाली मोटर लगाने के आदेश भी दिए गए, जिससे नल-जल योजना के माध्यम से गांव के घर-घर तक पेयजल पहुंचना शुरू हो गया है। भीषण गर्मी के बीच पानी की व्यवस्था होने से ग्रामीणों में राहत और खुशी का माहौल है। इस अवसर पर कमल पटेल ने कहा कि अब आदिवासी बहनों को सिर पर घड़े रखकर दूर-दूर से पानी लाने की मजबूरी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि नल के माध्यम से हर घर तक पानी पहुंचाना प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने पास के महुआ ढाना में भी पीएचई विभाग को बोरिंग कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री ने गांव में असमय मृत्यु से प्रभावित तीन आदिवासी परिवारों को आर्थिक संबल के रूप में पांच-पांच हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संबल योजना के अंतर्गत इन परिवारों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि शीघ्र स्वीकृत कराई जाए। ग्राम सचिव एवं सहायक सचिव को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम मोरगढ़ी में सरपंच एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण की मांग रखी गई। इस पर कमल पटेल ने गांव में 25 लाख रुपए की लागत से बड़े सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण से सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पंचायत संबंधी कार्यों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी। पूर्व मंत्री कमल पटेल की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशील पहल से ग्रामीणों में उत्साह एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पेयजल संकट दूर होने एवं तत्काल सहायता मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ललित पालिवाल, राजेन्द्र विश्वकर्मा, मिश्रीलाल कलमें, सरपंच नानकराम उईके, गोविन्द मोर्य, श्रीकिशन कलमें, मंजू गवली, हजारीलाल धुर्वे, सोमलाल मार्को सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
————————–

