अनोखा तीर, हरदा। मसनगांव और भिरंगी रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरने से एक यात्री की मौत हो गई। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के ग्राम दुलही निवासी करीब 40 वर्षीय गुरमेल पिता लाल शाह अपनी पत्नी गुड़िया, बेटी काजल और बेटे युवराज के साथ गोरखपुर से गुजरात जा रहे थे। इसी दौरान वह चलती ट्रेन से अचानक गिर गए। घायल अवस्था में उन्हें एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी मौत हो गई। मृतक गुरमेल की पत्नी गुड़िया ने बताया कि वे किसी रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने गांव गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले तीन सालों से वापी के पास उमरगांव में रहकर एक कंपनी में काम कर रहा था। गुरमेल अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बताया गया है कि गुरमेल ट्रेन नंबर 01080 से मसनगांव रेलवे गेट के पास खंभा नंबर 655 के नजदीक गिरे थे।
—————-

