शादी के डेढ़ माह बाद नव विवाहिता ने की आत्महत्या

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक नवविवाहिता ने अपने ससुर के सरकारी आवास में पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पति और ससुर उसे फंदे से उतारकर टिमरनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात अधिक होने के कारण शव को मर्चुरी में रखवाया गया। रविवार सुबह मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान मर्चुरी कक्ष के बाहर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी और झूमाझटकी भी हुई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता का मामला होने के कारण जांच टिमरनी एसडीओपी आकांक्षा तलैया कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर पति, सास, ससुर सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। जिस कमरे में महिला ने फांसी लगाई थी, उसे सील कर दिया गया है। नर्मदापुरम से फोरेंसिक टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
मृतका के भाई दीपक ने बताया कि उनकी बहन दीपिका की शादी करीब डेढ़ महीने पहले 7 अप्रैल 2026 को भेरूंदा-नसरुल्लागंज के एक मैरिज गार्डन में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ टिमरनी निवासी दुर्गेश दामड़े से हुई थी। उन्होंने बताया कि दीपिका ने इंदौर से एमए की पढ़ाई की थी और वर्तमान में बीएड सेकंड ईयर की छात्रा थी। साथ ही वह एमपी पीएससी की तैयारी भी कर रही थी। भाई दीपक का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उन्होंने बताया कि उनकी बहन और जीजा शुक्रवार रात ही देवास से टिमरनी आए थे और अगले ही दिन बहन ने आत्महत्या कर ली, यह बात समझ से परे है। उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——————————

4 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!