अनोखा तीर, हरदा। आगामी वर्ष 2027 में होने वाले नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस ने मतदाता सूची में सुधार की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त भोपाल के नाम कलेक्टर हरदा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति के लिए 25 मई की तिथि निर्धारित की गई है। वर्तमान में राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई मतदाता सूची में कई खामियां हैं। जिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हरदा जिले की नगर पालिका एवं नगर परिषद की मतदाता सूची में हजारों ऐसे नाम शामिल हैं, जो नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ ग्राम पंचायत की सूची में भी दर्ज हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि विधानसभा निर्वाचन की एसआईआर प्रक्रिया के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के आधार पर नगर पालिका एवं नगर परिषद की मतदाता सूची को अपडेट किया जाए। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम शहर एवं ग्राम पंचायत दोनों जगह दर्ज हैं, उन्हें एक स्थान से हटाया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मतदाताओं के नाम आधार नंबर से अपडेट किए जाएं, ताकि भविष्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराए जा सकें।
—————–
कांग्रेस ने की मतदाता सूची में सुधार की मांग

0 Views




