अनोखा तीर, हरदा। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा मुख्य डाकघर हरदा में आधार सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 एवं 26 मई 2026 को विशेष आधार शिविर अभियान आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आधार नामांकन एवं अपडेट संबंधी कार्य किए जाएंगे। डाक विभाग ने बताया कि आधार सेवा केंद्र शुरू होने से अब नागरिकों को आधार कार्ड बनवाने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, पता संशोधन एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आधार संबंधी कार्य कराने के लिए आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लेकर केंद्र पर पहुंचे, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो और कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले आधार अपडेट कराने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता था या दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे काफी असुविधा होती थी। अब हरदा मुख्य डाकघर में सभी जरूरी सुविधाएं मिलने से लोगों को राहत मिली है। उपडाकपाल अरविंद कुमार जोशी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार आधार अपडेट को लेकर शिकायतें और असुविधाएं सामने आ रही थीं। नागरिकों की परेशानी को देखते हुए डाक विभाग ने यह पहल की है, ताकि लोगों को सरल, सुगम और भरोसेमंद सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि डाकघर में पार्सल सेवा, स्पीड पोस्ट बुकिंग, सुकन्या खाता, सीनियर सिटीजन खाता, डाक जीवन बीमा, गंगाजल वितरण तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से किसान सम्मान निधि, लाडली बहना योजना, मातृत्व योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
—————-

