अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर संभाग आयुक्त नर्मदापुरम के नाम ज्ञापन सौंपकर समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था, किसानों को हो रही परेशानियों तथा नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया है। ज्ञापन में बताया गया कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण किसानों को गेहूं एवं चने की उपज बेचने के लिए 10-10 दिन तक सड़कों पर रात गुजारनी पड़ रही है। आरोप लगाया गया कि खरीदी शुरू होने से पहले पर्याप्त तैयारियां नहीं की गईं, समय पर उपार्जन समिति की बैठकें नहीं हुईं, खरीदी केंद्रों का समय पर निर्धारण नहीं किया गया तथा हम्मालों एवं वेयरहाउस की उचित व्यवस्था नहीं की गई। ज्ञापन में ए.आर.सी.एस. वासुदेव भदोरिया एवं डी.एम.ओ. योगेश मालवीय को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए आरोप लगाया गया कि दोनों अधिकारी लंबे समय से जिले में पदस्थ हैं तथा उनकी कार्यशैली के कारण समर्थन मूल्य खरीदी और खाद वितरण में लगातार अव्यवस्था एवं कालाबाजारी की स्थिति बन रही है। जिला कांग्रेस ने दोनों अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों से अवैध वसूली की जा रही है तथा कई वेयरहाउसों में गेहूं एवं चने की खरीदी में अनियमितताएं हुई हैं। सभी वेयरहाउसों की जांच कराने की मांग भी की गई है। इसके अलावा मूंग की फसल को लेकर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में कहा गया कि जल उपभोक्ता समिति की बैठक में किसानों को 50 दिन तक 2100 से 2200 क्यूसेक पानी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक निर्धारित मात्रा में पानी नहीं दिया गया। वर्तमान में मूंग की फसल फूल पर होने और अधिक तापमान के कारण किसानों को नुकसान होने की आशंका जताते हुए आगामी 10 दिनों तक कम से कम 2000 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ने की मांग की गई है। जिला कांग्रेस ने किसान हित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित अधिकारियों को हटाने एवं किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
————

