अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के कार्यालय पहुंचकर शिक्षा विभाग में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया। इस पर विधायक डॉ. दोगने ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर व्यावसायिक प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों को सम्मानजनक वेतनमान एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। विधायक डॉ. दोगने द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख है कि मध्य प्रदेश राजपत्र दिनांक 30 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार व्यावसायिक प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों को सरल क्र. 89 पर उच्च कुशल प्रवर्ग में शामिल किया गया है। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत विगत 10 वर्षों से कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षक प्रदेश के कौशल विकास की मजबूत नींव हैं। पत्र में कहा गया है कि राजपत्र में उच्च कुशल श्रेणी में वर्गीकृत होने के बावजूद इन्हें आज तक सम्मानजनक वेतन एवं सुविधाओं से वंचित रखा गया है। कार्य की जटिलता, शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए तथा राजपत्र की भावना के अनुरूप इस श्रेणी के लिए सम्मानजनक वेतनमान एवं कल्याणकारी नीतियां अविलंब लागू किए जाने की मांग की गई है। पत्र में प्रमुख मांगों में उच्च कुशल श्रेणी की योग्यता एवं कार्य की प्रकृति को देखते हुए व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए 38 हजार से 42 हजार रुपये मासिक वेतनमान निर्धारित करने तथा महंगाई दर के अनुसार प्रतिवर्ष न्यूनतम 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा समयबद्ध पदोन्नति नीति लागू करने की मांग करते हुए कहा गया है कि राजपत्र की टीप के अनुसार उच्च कुशल प्रवर्ग के कर्मचारियों को अति उच्च कुशल प्रवर्ग में पदोन्नत किया जा सकता है। इसके लिए विभाग द्वारा स्पष्ट पदोन्नति नीति तैयार की जाए, जिससे प्रशिक्षकों के करियर विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। पत्र में तकनीकी शिक्षा में निरंतर अद्यतन रहने हेतु विशेष तकनीकी भत्ता प्रदान करने, ईपीएफ, ईएसआई एवं सवैतनिक अवकाश जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा तकनीकी प्रशिक्षण के दौरान संभावित दुर्घटनाओं के लिए व्यापक बीमा कवर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
———–
व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

0 Views



