मदर्स-डे पर अनूठी पहल

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-मेडिकल व्यवसायी दुबे स्वलिखित 5000 पत्रक बांटकर देंगे मातृ-शक्ति सम्मान का संदेश

अनोखा तीर, टिमरनी। मातृत्व दिवस के अवसर पर टिमरनी के युवा मेडिकल व्यवसायी नितिन दुबे ने समाज को एक अनूठा संदेश देने की पहल की है। नितिन दुबे अपनी ओर से 5000 जागरूकता पत्रक छपवाकर मदर्स डे पर नगर में वितरित करेंगे। पत्रक में मदर्स डे- मातृत्व दिवस शीर्षक से माँ के त्याग, समर्पण और नि:स्वार्थ प्रेम को रेखांकित किया गया है। साथ ही समाज में व्याप्त एक गंभीर बुराई की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है कि किस प्रकार लोग गुस्से में अपशब्दों का प्रयोग करते समय माताओं और बहनों के नाम से गालियां देते हैं। पत्रक में अपील की गई है कि एक बार सोच के देखिए हम जिस माँ को गाली दे रहे हैं, उसका त्याग, उसका समर्पण, उसका प्रेम कितना ऊँचा है और वह मां, बहन या बेटी तो घर पर बैठी है, उसकी क्या गलती है। पत्रक के माध्यम से टिमरनी के नागरिकों से मदर्स डे पर यह प्रण लेने का आह्वान किया गया है कि हम हमारे समाज को, हमारे नगर को इस बुराई से मुक्त करें। साथ ही यह भी लिखा गया है कि शायद हमारी माताओं-बहनों के लिए यह मदर्स डे का सबसे अच्छा उपहार होगा। इस पहल पर नितिन दुबे ने बताया कि हम माँ को देवी का दर्जा देते हैं, फिर भी बात-बात में उनके नाम से गाली देते हैं। यह विरोधाभास खत्म होना चाहिए। मदर्स डे पर फूल या गिफ्ट से बड़ा तोहफा यह होगा कि हम अपनी जुबान से माँ-बहन के नाम की गालियां हटाएं। पत्रक में अंत में नागरिकों से निवेदन किया गया है कि कृपया इस पत्रक को फेंके या फाड़े नहीं, बल्कि अपने प्रतिष्ठान या ऐसी जगह पर लगाएं, जहां से यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। नगर में जगह-जगह बांटे जा रहे इन पत्रकों की नागरिक सराहना कर रहे हैं और इसे सामाजिक बदलाव की दिशा में सकारात्मक पहल बता रहे हैं।
——————————

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!